हरियाणा में डाबौदा गांव में दो पक्षों के बीच हुए झगडे़ में जान गवां चुके दो भाइयों के हत्यारों को पुलिस अब तक नहीं पकड़ पाई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को डाबौदा गांव की चौपाल में एक पंचायत बुलाई। पंचायत में पुलिस की लापरवाही पर रोष जताया गया।
गांव के सरपंच राजबीर ने बताया कि पंचायत में गांव के मौजिज लोगों की एक कमेटी बनाई गई है जो पुलिस के आला अधिकारियों से बातचीत करेगी। साथ ही हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करेगी।
ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को चार दिन का अल्टीमेटम दिया है। पंचायत का कहना है कि आरोपी को जल्द काबू न किया गया तो ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही अधिकारियों से मिलकर मृतकों के अध्यापक भाई की मेवात से बदली करवाने और उसे पुलिस प्रोटेक्शन दिलवाने की मांग करने का भी निर्णय पंचायत में लिया गया। पुलिस ने दोनों भाइयों की हत्या के आरोपियों के खिलाफ मामला तो दर्ज कर लिया है मगर उनकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है।
ये था मामला
21 सितंबर की रात डाबौदा गांव निवासी अनिल व सुनील का गांव के ही जयपाल व मोनू से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। आवेश में आकर जयपाल व मोनू ने दोनों भाइयों अनिल, सुनील पर गोलियां चला दी थी। इससे दोनों भाइयों की मौत हो गई थी। अनिल दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात था तो वहीं सुनील आर्मी का जवान था। दोनों भाई छुट्टी में घर आए हुए थे।