होडल के निकट रामगढ़ मोड़ पर हुआ हादसा, पुलिस ने जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। हसनपुर रोड पर गांव रामगढ़ के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में गांव भैंडोली निवासी एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान आनंदा के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव भैंडोली निवासी कुशलपाल ने शिकायत में बताया कि उसका भाई आनंदा बाइक पर सवार होकर जा रहा था। जब वह श्याम वाटिका के पास पहुंचा, तभी होडल की ओर से तेज गति में आ रहे बाइक सवार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंदा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद घायल आनंदा को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पलवल के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी बाइक सवार की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।