कैप्शन: 2- मृतक विशाल का फाइल फोटो
कैप्शन: 3- पुलिस द्वारा मृतक विशाल की हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपी
-
शव को खुदबुर्द करने के लिए फेंका नहर में
प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, परिजनों ने देखने के बाद की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। प्रेम प्रसंग के चलते नाबालिग लड़की से मिलने पहुंचे नाबालिग लड़के की उसके परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी परिजनों ने शव को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से राजमार्ग के पास से गुजर रही उजीना ड्रेन में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले को चंद घंटों में ही सुलझा लिया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त पर उजीना ड्रेन से शव को निकालकर जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा मृतक के पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर भी लिया है।
थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने बताया कि शहर की अंधुआ पट्टी निवासी महेंद्र ने बताया कि 6 अप्रैल की रात 11 बजे उसका 16 वर्षीय पुत्र विशाल घर मे बने चौबारे पर सोने गया हुआ था लेकिन सुबह चार बजे वह अपने बिस्तर पर नहीं मिला। जब परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया तो फोन बंद मिला। मृतक के पिता ने अपनी ही पट्टी के विनय व उसके पिता घनश्याम पर अपने बेटे को मारने की नीयत से अपहरण करने का शक जताया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान के आधार पर आरोपी विनय को अंधुआ पट्टी से गिरफ्तार कर गहनता से पूछताछ की तो आरोपी विनय ने उसकी हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया है कि मृतक विशाल उसके घर में घुस आया और उसके पिता घनश्याम व उसने मृतक विशाल के साथ बेल्ट व डंडों के साथ मारपीट की। चोटों के कारण विशाल ने दम तोड़ दिया। विशाल की मौत के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल पर मृतक के शव को रखकर खुर्द बुर्द करने के लिए नेशनल हाईवे पर गांव बंचारी के निकट बने गंदे नाले में डाल दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
-
लड़का व लड़की एक स्कूल में पढ़ते थे
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक विशाल दसवीं कक्षा का छात्र था और उसी के स्कूल में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा से प्रेम प्रसंग बन गया, जिसके चलते मृतक विशाल लड़की के साथ मिलने के लिए उसके घर आया जाया करता था। जब इस घटना की जानकारी लड़की के परिजनों को मिली तो उन्होंने परिजनों से शिकायत की तो लड़के के परिजनों ने उसे किसी रिश्तेदार के घर भेज दिया। कुछ ही दिन पहले मृतक अपने घर आया और रात के समय में लड़की से मिलने के लिए उसके घर में घुस गया। डीएसपी सज्जन कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि लड़के की हत्या के समय कौन मौजूद था और शव खुर्द बुर्द करने में लड़की के परिजनों के अलावा कौन शामिल था।