पलवल। 10 फरवरी को उत्तर प्रदेश चुनाव के प्रथम चरण के लिए होने वाले मतदान को लेकर पलवल जिला पुलिस भी पूरी तरह से सतर्क है। जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्तर प्रदेश से लगती सीमाओं पर पुलिस नाके लगवाकर वाहनों की गहनता से जांच करानी शुरू कर दी है। बुधवार को उत्तर प्रदेश के कोसी के पास लगती करमन सीमा तथा हसनपुर में यमुना के पास लगती उत्तर प्रदेश की सीमाओं से गुजरने वाले वाहनों की गहनता से जांच की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल ने बताया कि चुनाव के लिए होने वाले मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली, राजस्थान से आकर उत्तर प्रदेश जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान किसी तरह की आपराधिक गतिविधियां न हो उसके लिए यह सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा गई है। सभी थाना व चौकी प्रभारियों को नाकों पर वाहनों की जांच करने के साथ-साथ रात को गश्त करने के लिए आदेश दे दिए गए हैं। इसके लिए ड्यूटी भी लगा दी गई है। मतदान को देखते हुए उत्तर प्रदेश सीमा से लगते इलाकों में शराब ठेकों को पूरी तरह से बंद करा दिया गया है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि उत्तर प्रदेश चुनावों के लिए होने वाले मतदान को देखते हुए वे स्वयं भी लगातार सीमाओं पर नजर रखे हुए हैं।