होडल शोलाका रेलवे स्टेशन पर कार्यालय पर हंगामा करते दैनिक यात्री
- फोटो : Palwal
होडल। दैनिक यात्रियों ने सोमवार को ईएमयू चलाने तथा एमएसटी बनाने की मांग के संबंध में शोलाका रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। यात्रियों ने रेल की पटरियों पर पत्थर रख दिए। बढ़ते हंगामे को देखकर मुंबई जाने वाली ट्रेेनों को फरीदाबाद स्टेशन तथा दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को कोसी रेलवे स्टेशन पर रोका गया। इसके बाद आरपीएफ भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने दैनिक यात्रियों को समझाया तथा उनकी मांग को रेलवे बोर्ड तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। करीब एक से डेढ़ घंटे बाद ही ट्रेनें चल सकीं।
कोरोना महामारी के दौरान बंद ट्रेनें अब तक शुरू नहीं की गई हैं। इस कारण दैनिक यात्रियों को दिल्ली-फरीदाबाद जाने में बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग ड्यूटी पर देरी से पहुंचते हैं। इससे उन्हें काफी नुकसान हो रहा है। ट्रेनें चलाने की मांग के संबंध में दैनिक यात्री कई बार रेलवे बोर्ड को पत्र भी भेज चुके हैं, लेकिन अब ट्रेनें शुरू नहीं की गई हैं। इसके अलावा यात्रियों के एमएसटी पास भी नहीं बनाए जा रहे हैं। इस बात से गुस्साए शोलाका, खटैला सराय, होडल, बंचारी, मर्रोली सहित करीब आधा दर्जन गांवों के दैनिक यात्रियों ने सुबह सात बजे से स्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते दैनिक यात्री रेल पटरियों पर आ गए तथा काफी यात्री रेलवे स्टेशन पर अंदर कार्यालय में पहुंच गए। वहां पहुंचकर भी उन्होंने हंगामा किया। इस बात की जानकारी रेलवे अधिकारियों ने बोर्ड और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी। इसके बाद आरपीएफ भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने दैनिक यात्रियों को समझाया तथा उनकी मांग को रेलवे बोर्ड तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। दैनिक यात्री भूपेश भारद्वाज, पहलवान खेमचंद ने बताया कि ट्रेनों के नहीं चलने के कारण बेहद परेशान हैं। रोजाना नौकरी पर पहुंचने में देरी हो जाती है। उनकी मांग है कि सुबह मथुरा से दिल्ली तथा शाम को निजामुद्दीन से चलकर कोसी जानी वाली ईएमयू चलाई जाए। हंगामा के कारण राजधानी, शताब्दी, पश्चिम एक्सप्रेस, पंजाब मेल सहित काफी एक्सप्रेस गाड़ियां लंबित रहीं।