पलवल। पेट्रोल पंप से हथियार दिखाकर नकदी लूटने वाले गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चांदहद थाना में दो व जिला अलीगढ़ स्थित टप्पल में तीसरी वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह के दो आरोपी अब भी फरार हैं। इनसे नकदी, हथियार व बाइक बरामद करने के लिए पुलिस ने अदालत से पांच दिन का रिमांड मांगा है।
डीएसपी यशपाल खटाना ने बताया कि चांदहट थाना अंतर्गत सात मई को गांव अमरपुर स्थित पेट्रोल पंप से बाइक सवार तीन युवकों ने करीब नौ हजार रुपये लूट लिए। इसके दूसरे दिन आठ मई को अलीगढ रोड स्थित पेलक गांव के समीप श्री श्याम पेट्रोल पंप से करीब 37 हजार रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद के नेतृत्व में टीम गठित की। अमरपुर पेट्रोल पंप के प्रबंधक ने एक लुटेरे के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने लुटेरे का मोबाइल नंबर लिया और साइबर सैल के द्वारा मोबाइल की लोकेशन लेकर गांव खेड़ला निवासी मनीष को गांव किठवाड़ी के समीप हनुमान मंदिर के समीप से काबू किया। मनीष से पूछताछ करने पर दूसरे आरोपी गांव भंबू का नंगला निवासी दीपक के बारे में पता चला। दीपक को गाजियाबाद स्थित एक ओयो होटल से काबू किया गया।
हथियार दिखाकर सेल्समैन से लूटते थे नकदी
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि लूट की वारदात में उनके अलावा दो अन्य युवक शामिल थे। उन्होंने अमरपुर व पेलक में लूट के अगले दिन नौ मई को टप्पल स्थित पेट्रोल पंप से करीब दो लाख रुपये की लूट की थी। आरोपी लूट के दौरान देशी पिस्तौल और फरसा लहरा सेल्समैन को डराकर नकदी लूट लेते थे। लूट के बाद आरोपी बाइक से फरार होते समय पीछा करने पर गोली मारने की धमकी देते। लूट की प्रत्येक वारदात में अलग-अलग युवकों को शामिल करते थे।