पलवल। जिले में बुधवार को कोरोना से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों का अंतिम संस्कार नूंह रोड स्थित कोविड श्मशानघाट में किया गया। वहीं अब जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के आंकड़ों में कमी आ रही है। मरीजों की संख्या घट रही है।
जांच में कोरोना मरीज कम मिल रहे हैं, वहीं प्रतिदिन ठीक होने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। बुधवार को कोरोना संक्रमित 48 नए मरीज मिले। जबकि कोरोना से ठीक होकर 154 मरीज घरों को चले गए। अब पलवल में कोरोना संक्रमित 314 मरीज हैं। 9917 कोरोना मरीजों की संख्या है। ठीक होने वाले मरीजों की 9479 संख्या हो गई है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप ने बताया कि लोगों की कोरोना जांच की जा रही है, वहीं उससे बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। मंगलवार को भी कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की कोरोना जांच की गई। उन्होंने लोगों से अपील की कि मुंह पर मास्क पहनकर ही बाहर निकले तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।