-1.5 करोड़ से ज्यादा की ठगी का खुलासा, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
पश्चिमी जिला के मायापुरी थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिये साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने वाले संगठित सिंडिकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों के जरिये 1.5 करोड़ से ज्यादा रकम को कई खातों में ट्रांसफर की गई थी।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए एक विशेष अभियान में एक संदिग्ध बैंक खाते की पहचान म्यूल अकाउंट के रूप में हुई। यह खाता देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा था। डिजिटल ट्रैकिंग और बैंकिंग डाटा से पता चला कि इस खाते का इस्तेमाल एक संगठित साइबर सिंडिकेट बार-बार कर रहा था, जिससे बड़ी रकम को ठिकाने लगाया जा रहा था। तकनीकी जांच कर पुलिस ने तीन आरोपियों को दीपक (32), कृष्ण प्रताप सिंह (28) और शशिकांत (28) को गिरफ्तार कर लिया। उनके मोबाइल डेटा और चैट की जांच में साइबर ठगी में उनकी सक्रिय भूमिका सामने आई। पुलिस ने इनके कब्जे से फोन, म्यूल अकाउंट से जुड़े सिम कार्ड और फर्जी फर्मों की चेक बुक और दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ में पता चला कि आरोपी बेरोजगार लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। पुलिस सिंडिकेट में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।