-सुल्तानपुरी इलाके की घटना, छह माह पहले मृतक का घर के पास रहने वाले नाबालिग से हुआ था झगड़ा, मृतक पर आरोपी ने किया था चाकू से हमला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सुल्तानपुरी थाना इलाके में सोमवार रात झगड़े का बदला लेने के लिए पड़ोस में रहने वाले कुछ नाबालिगों ने 15 साल के किशोर की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त रोहन के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है। जबकि भागे हुए अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार रात पुलिस को ई ब्लॉक सुल्तानपुरी में एक किशोर को चाकू मारने और उसे संजय गांधी अस्पताल लेकर जाने की जानकारी मिली। जहां पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि घायल रोहन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किए। पूछताछ में पता चला कि रोहन अपने माता-पिता और भाइयों के साथ ई ब्लॉक सुल्तानपुरी में रहता था। मृतक के चचेरे भाई अर्जुन ने बताया कि हमला करने वाले मृतक के दोस्त ही थे। उनके बीच कई बार छोटी छोटी बातों को लेकर झगड़ा होता था। छह माह पहले झगड़ा होने पर आरोपी ने उसपर चाकू से हमला कर दिया था। इस मामले में दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया था। उसके बाद पीड़ित परिवार ने रोहन को दिल्ली से बाहर भेज दिया था। सोमवार को रोहन अपने परिवार वालों ने मिलने आया था। अर्जुन ने बताया कि सोमवार रात को रोहन अपने घर के पास टहल रहा था। मुख्य आरोपी ने एक नाबालिग साथी को उसके पास भेजा और जो बहाने से उसे अपने साथ ले गया। फिर पुराने झगड़े को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान आरोपियों ने रोहन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। भाई के मुताबिक उसके शरीर पर करीब एक दर्जन चाकू के घाव थे। हमले करने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
तीन नाबालिग आरोपी पकड़े, भागे हुए की तलाश जारी
जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने नामजद और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर हमलावरों की पहचान कर ली। सभी आरोपी नाबालिग थे। पुलिस ने देर रात इनके ठिकानों पर दबिश देकर इन्हें पकड़ लिया। पुलिस भागे हुए अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। हत्या के मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर परिवार वालों ने प्रदर्शन किया। परिजन और आस पास के रहने वाले लोगों ने जलेबी चौक को जाम कर दिया।