पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चीनी मिल के समीप पिकअप गाड़ी की टक्कर से सवारी के इंतजार में खड़े मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर पिकअप गाड़ी के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस चालक का सुराग नहीं लगा पाई है। शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।
सदर थाना प्रभारी राधेश्याम के अनुसार जिला भरतपुर के बागरैन गांव निवासी हेतराम ने दी शिकायत में कहा है कि वह और उसका छोटा भाई धारा सिंह गुरुग्राम में घरों में पत्थर लगाने का काम करते हैं। पीड़ित का कहना है कि 13 जनवरी को पीड़ित अपने भाई के साथ गुरुग्राम से अपने घर जा रहे थे। वाहन चालक ने उन्हें पलवल की चीनी मिल के निकट करीब साढ़े आठ बजे उतार दिया तो वे सवारी के इंतजाम में राजमार्ग पर खड़े हो गए। पलवल की तरफ से एक पिकअप गाड़ी तेज रफ्तार से आई और उसके भाई धारा सिंह को सीधी टक्कर मार दी, जिससे पीड़ित बाल-बाल बच गया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। उसी दौरान मौके पर पुलिस पहुंच गई, पीड़ित पुलिस की सहायता से अपने भाई को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।