इलाज कराने निजी चिकित्सालय में गई एक किशोरी के साथ कंपाउंडर द्वारा छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। घटना शहर थाना क्षेत्र के मीनार गेट चौक स्थित निजी चिकित्सालय की है। किशोरी अपने परिजनों के साथ यहां पेट दर्द की दवा लेने आई थी। आरोप है कि जब किशोरी व उसके परिजन शहर थाने में शिकायत करने गए तो वहां एसएचओ ने भी बदसलूकी करते हुए उन्हें डांट-डपट कर भगा दिया। बाद में उन्होंने महिला थाने में मामले की शिकायत दी।
शहर की माल गोदाम रोड स्थित एक बस्ती की निवासी किशोरी का कहना है कि शनिवार शाम को उसके पेट में दर्द था। परिजनों के साथ डॉक्टर को दिखाने वह मीनार गेट चौक स्थित एक निजी क्लीनिक पर गई। जहां डाक्टर ने पर्ची में दवाई लिखकर दे दी और अंदर केबिन में कंपाउंडर से इंजेक्शन लगवाने के लिए कहा। किशोरी के अनुसार जब वह केबिन के अंदर गई तो कंपाउंडर ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। बाहर आकर उसने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया।
मामले की शिकायत करने परिजन किशोरी को लेकर शहर थाने पहुंचे। उल्लेखनीय है कि शहर थाना घटना स्थल के बिल्कुल समीप स्थित है। आरोप है कि थाने में मौजूद एसएचओ सुनील कादियान ने उनकी शिकायत लेने के बजाय उन्हें डांटकर भगा दिया। एसएचओ कादियान का कहना था कि जब उनके लिए महिला थाने खुल गए हैं, तो वह अपनी शिकायत लेकर वहीं जाएं। बाद में परिजनों ने महिला थाने में शिकायत की। महिला पुलिस के अनुसार शिकायत पर जांच की जा रही है।