15 जुलाई को हुआ था शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मालगोदाम रोड पर महीनों से बंद पड़े सांझा बाजार को नगर परिषद जल्द शुरू करवाएगी। 15 जुलाई को खेल मंत्री गौरव गौतम ने इसका शुभारंभ किया था, लेकिन इसके बाद से बाजार बंद पड़ा हुआ था। अब नगर परिषद की ओर से इसे शुरू करने की तैयारी की जा रही है। बाजार का संचालन श्रीजी राधा रानी स्वयं सहायता समूह करेगा।
हरियाणा सरकार की इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। सांझा बाजार में महिलाएं अपने हाथों से तैयार उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी, जिससे उन्हें अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा समूह की ओर से बाजार में फास्ट फूड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। बाजार सप्ताह के सातों दिन खुला रखने की योजना है, ताकि शहरवासी प्रतिदिन इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
कोट
सांझा बाजार का उद्घाटन जल्द ही किया जाएगा। यह बाजार महिला स्वयं सहायता समूह के संचालन में नागरिकों को फास्ट फूड की सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। - मनीषा शर्मा, डीएमसी, पलवल