हथीन। भाजपा विधायक प्रवीण डागर ने रविवार को दिबालू माइनर को ड्रेन में तब्दील करने के लिए खुदाई कार्य का शुभारंभ किया। इस ड्रेन की खुदाई पर करीब 4 करोड़ 61 लाख रुपये का खर्च आएगा। विधायक प्रवीण डागर द्वारा 24 फरवरी 2020 को हथीन में आयोजित प्रगति रैली में मुख्यमंत्री के समक्ष मंडकौला, कानोली, खेड़ली, नौरंगाबाद, दीबालू, गांगोली गांव के आसपास सेम की समस्या के निदान के लिए माइनर को ड्रेन में तब्दील करने की मांग की गई थी। मुख्यमंत्री ने इस मांग को स्वीकृत करने की घोषणा की थी। इसकी मंजूरी मिलने के बाद रविवार को इस कार्य का शुभारंभ किया गया।
विधायक डागर ने कहा कि सेम की समस्या के कारण पिछले 25 वर्षों से दिबालू माइनर के आसपास लगभग 5 हजार एकड़ जमीन खराब पड़ी हुई थी। मुख्यमंत्री ने इस समस्या का निदान करने के लिए दिबालू माइनर को ड्रेन में तब्दील करने की स्वीकृति दी। करीब 25 साल से किसान इस दंश को झेल रहे थे। भाजपा सरकार के इन कार्यों से किसान हितैषी होने का परिचय मिलता है। वे भी खुद किसान के बेटे हैं। उनकी खुद की जमीन भी सेम की समस्या से त्रस्त थी। मुझे पता है कि किसान का क्या दर्द होता है।
उन्होंने कहा कि शनिवार को गांव उटावड़ में बिजली मंत्री रंजीत सिंह चौटाला द्वारा उटावड़ व जैंदापुर में 66-66 केवी के 2 पावर स्टेशन बनाने की मंजूरी दी गई है। इससे किसानों को समय पर बिजली उपलब्ध होगी। हथीन क्षेत्र को विकास की पटरी पर तीव्र गति से ले जाया जाएगा और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की तरह हमारे क्षेत्र का विकास सर्वोपरि होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल व केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल का इस अवसर पर आसपास के गांवों की तरफ से धन्यवाद किया। इस अवसर पर देवी सिंह, नरेंद्र पूर्व सरपंच कानोली, श्यामवीर पूर्व सरपंच ग्राम कानॉली, जगदेव पूर्व सरपंच दीबालू, समेर नौरंगाबाद, चीद्धा मेंबर, जग्गा पहलवान, धर्म मेंबर जग्गी भूलियां आदि मौजूद रहे।