पलवल। जिले में पिछले तीन दिनों से तापमान फिर बढ़ने लगा है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा। सुबह से ही सूर्यदेव अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर देते हैं। उमस भरी गर्मी और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। चालक साफी और तौलिये के सहारे स्वयं को लू के थपेड़ों से बचाते नजर आते हैं। वहीं, लोग गर्मी से बचने के लिए जूस और शिकंजी आदि शीतल पेय पदार्थों सहारा ले रहे हैं। गर्मी बढ़ने से उल्टी, दस्त, हैजा और वायरल के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
जहां बढ़ता तापमान जिले में गर्मी बढ़ रहा है, वहीं घरों का बिजली बिल भी ज्यादा आने लगा है। गर्मी से परेशान लोगों को मजबूरन दिनभर कूलर और ऐसी का सहारा लेना पड़ रहा है। हालांकि, बिजली के अघोषित कटों ने लोगों को परेशान कर रखा है। लोग इतने परेशान हैं कि सोशल मीडिया पर भी पोस्ट डालकर एक-दूसरे से पूछते नजर आते हैं कि बिजली कब तक आएगी। दोपहर के समय सड़कों पर आवागमन भी काफी कम हो जाता है। यही हाल बाजारों का भी है। गर्मी से सबसे अधिक परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है।
बच्चों और बुजुर्गों को बाहर न निकलने दें
जिला नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकवीर का कहना है कि गर्मी अधिक है। ऐसे में बच्चों व बुजुर्गों को बाहर न निकलने दें। शाम 6:00 बजे के बाद ही बच्चों को खेलने के लिए बाहर जाने दें। इन दिनों तरबूज, खरबूजा, दही, सत्तू, लस्सी, शिकंजी सहित अन्य शीतल पेय पदार्थों का सेवन करें। भोजन कम करें और तरल पदार्थ ज्यादा से ज्यादा लें। तली हुई चीजों का परहेज करें। बीमार होने पर चिकित्सक से तुरंत परामर्श लें।