होडल। पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि पर मंगलवार को कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूर्व विधायक रामरतन के नेतृत्व में उनके समर्थक अनाज मंडी स्थित महाराजा अग्रसेन चौक के निकट एकत्र हुए और वहां से पैदल चलकर पुरानी सब्जी मंडी स्थित चौक पर पहुंचे। यहां पर रामरतन, प्रकाश गोयल ओमप्रकाश, जयरतन, लख्मीचंद और प्रवीण कुमार आदि ने बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पूर्व विधायक रामरतन ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने केंद्र सरकार में रक्षामंत्री, संचार मंत्री, रेल मंत्रालय, कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी निभाई थी। बाबू जगजीवन राम ने किसानों, व्यापारियों और गरीबों के उत्थान के लिए अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई थी। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने पौधे रोपने का भी संकल्प लिया।