पलवल। रसूलपुर रोड पर रेलवे लाइन के ऊपर बनाया जा रहा पुल निर्माण अब लोगों के लिए मुसीबत बनने लगा है। चार साल में भी पुल निर्माण पूरा न होने के कारण इस रोड के दोनों तरफ रिहायशी कॉलोनियों में बसे लोग नरकीय जीवन जी रहे हैं। पुल निर्माण के कारण टूटी सड़क पर पहले ही चलना मुश्किल हो रहा था, अब बारिश के बाद बनी दलदल ने तो और भी बुरा हाल कर दिया है। इतना ही नहीं इस रोड पर स्थित दुकानदारों व व्यापारियों ने अब यहां से दूसरी जगह व्यापार करने के लिए पलायन करना भी शुरू कर दिया है। पुल निर्माण न होने के कारण बनी रोड की दुर्दशा के चलते लोगों के धंधे चौपट हो गए हैं।
सरकार की तरफ से रसूलपुर रोड पर रेलवे लाइन के ऊपर 18 महीने में पुल निर्माण का दावा किया गया था, लेकिन आज 4 साल बीत चुके हैं, लेकिन पुल का निर्माण मात्र 30 प्रतिशत ही हुआ है। इस पुल निर्माण को जल्द पूरा कराने की मांग हर बार जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में भी उठती है। कई बार लोग केंद्रीय राज्यमंत्री व स्थानीय सांसद कृष्णपाल गुर्जर व विधायक दीपक मंगला से भी कर चुके हैं, लेकिन उसके बावजूद पुल निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। पूरा होना तो दूर एक साल से निर्माण बंद है, लेकिन वह भी चालू नहीं हुआ है।
छज्जूनगर तक है रोड बंद
रेलवे लाइन पर निर्माणाधीन इस पुल के कारण 2018 अक्टूबर से रसूलपुर रोड पर दिल्ली-आगरा राजमार्ग से लेकर छज्जूनगर गांव तक रोड बंद है। इस कारण इस रोड के दोनों तरफ बसी रिहायशी कॉलोनियों के लोग उसी दिन से परेशानी झेल रहे हैं। रेलवे लाइन पार के लोगों को तो रसूलपुर गांव से होते हुए किठवाडी वाले रास्ते से या फिर छज्जूनगर से असावटा होते हुए पलवल आना पड़ता है। इससे जहां उन्हें समय की बरबादी होती है, वहीं गाड़ियों में अधिक पेट्रोल खर्च होता है। इसके अलावा पैदल चलने वाले लोगों का सड़क खराब होने के कारण परेशानी होती है।
बारिश के बाद बनी दलदल
पुल निर्माण के कारण जहां पहले सड़क टूटी हुई थी, वहीं अब वहां बने गड्ढों में बारिश के बाद पानी भर गया है तथा पूरे रास्ते में दलदल बन गई है। जिसके चलते लोग पैदल निकलने में भी परेशानी झेल रहे हैं। आए दिन लोग दलदल में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। दुपहिया वाहनों पर सामान ले जाना तक मुश्किल हो रहा है।
दुकानें हो गईं बंद
रसूलपुर रोड पर राजमार्ग से लेकर छज्जू नगर तक करीब 100 से अधिक दुकानें थीं, जो पिछले तीन साल में धीरे-धीरे बंद सी हो गई हैं। इनमें से अधिकांश दुकानदार इस रोड से दुकानों को बंद कर दूसरे स्थानों पर पलायन कर चुके हैं तथा काफी दुकानदार बंद कर दूसरी जगह जाने को तैयारी में हैं।
पुल निर्माण को लेकर जो तकनीकी कमियां आ रही है उन्हें जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रयास है कि पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाए। मैंने संबधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं तथा पुल निर्माण की तकनीकि कमियों को पूरा कर निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
- कृष्ण कुमार, जिला उपायुक्त पलवल