22पीएएलपी9- पुलिस गिरफ्त से फरार हुआ आरोपी रोबिन।
अदालत में पेश करने ले जा रही थी पुलिस, फाइल लेने अंदर गए अधिकारी, आरोपी हुआ रफूचक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। अवैध हथियार से फायरिंग, हत्या का प्रयास व फसल चोरी का आरोपी होडल थाने से फरार हो गया। पुलिस रविवार शाम को ही आरोपी को गिरफ्तार करके थाने लाई थी। सोमवार सुबह आरोपी पुलिस कर्मियों को चकमा देकर नंगे पैर ही फरार हो गया। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम जुट गई, लेकिन आरोपी का अता पता नहीं चल पाया। गांव गोढोता निवासी आरोपी रोबिन को सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने के लिए बाहर निकाला था। सब इंस्पेक्टर मनोज कमरे में फाइल लेने चले गए। मौके का फायदा उठा आरोपी थाने से फरार हो गया, जिससे पुलिस कर्मियों की लापरवाही साफ देखी जा सकती है। पुलिस के अनुसार, टीम ने आरोपी का काफी पीछा किया, लेकिन आरोपी काबू नहीं आ सका। मामले की सूचना सीआईए पुलिस टीम को दी, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाया।
पुलिस के अनुसार, जुडिशल मजिस्ट्रेट मोहम्मद इम्तियाज खान ने नरवीर निवासी आदर्श कॉलोनी होडल की इस्तगासा पर रोबिन उर्फ लाला व उसकी मां गुड्डन देवी के खिलाफ तीन अगस्त 2022 को खेतों पर अवैध हथियार से फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने तथा मारपीट कर जान से धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया था। वहीं थाना पुलिस ने पांच अप्रैल को आरोपी के खिलाफ खेतों में पड़ी फसल चोरी करने के मामले में भी मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी बकाया थी। पुलिस जांच अधिकारी आरोपी रोबिन को अदालत में पेश कर वहां से पुलिस रिमांड पर लेना चाहती थी, लेकिन उससे पहले आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस की लापरवाही से आरोपी फरार हो गया। पुलिस थाने के बाहर संतरी ड्यूटी पर कर्मचारी तैनात होता तो आरोपी पुलिस की हिरासत से फरार नहीं होता। वहीं आरोपी के प्रति नरम रवैया अपनाने से आरोपी पुलिस की हिरासत से फरार हुआ है। आरोपी को पुलिस पकड़कर रखती है। इसके अलावा अगर यदि संगीन जुर्म के आरोपी को पुलिस लेकर जाती है तो उसके लिए उनको दो से तीन अन्य पुलिसकर्मी लेकर चलती है। ऐसे में पूरे मामले में पुलिस सवालों के घेरे में है।
पुलिस हिरासत से फरार हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। - सज्जन सिंह, डीएसपी, होडल