भुवनेश्वर में 52वीं जूनियर नेशनल एक्वाटिक्स चैंपियनशिप आज से शुरू
40वीं सब-जूनियर एवं 55वीं जूनियर स्टेट स्विमिंग चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर 10 खिलाड़ियों का नेशनल के लिए हुआ था चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। जिले के तैराक राज्य स्तर की चुनौती पार करते हुए अब राष्ट्रीय मंच पर पदक जीतने की रेस में पहुंच गए हैं। आज से भुवनेश्वर में शुरू होने वाली 52वीं जूनियर नेशनल एक्वाटिक्स चैंपियनशिप में जिले के नौ तैराक उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों ने पहले जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्य स्तर पर प्रदर्शन कर प्रदेश टीम में जगह बनाई। 23 से 26 जुलाई तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में हुई 40वीं सब-जूनियर एवं 55वीं जूनियर स्टेट स्विमिंग चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर 10 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ था, हालांकि इनमें से एक खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले रहा है।
जिला स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव सुरेश देशवाल ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी खिलाड़ी पूरे जोश में हैं।
कोट
नेशनल के लिए हमने अभ्यास बढ़ा दिया है। स्टेट प्रतियोगिता में भी परिणाम अच्छे थे। अब सामने देशभर के मजबूत खिलाड़ी होंगे।
वरुण ओरुगंती
कमियों पर काम करने का मौका मिला। सामने अच्छे खिलाड़ी होंगे। मुकाबला चुनौतीपूर्ण रहेगा। लक्ष्य बेहतर टाइमिंग के साथ मेडल जीतना है।
-शारवी वर्मा
नेशनल में चयन के बाद अभ्यास में लगातार सुधार किया है। स्टेट स्तर पर अच्छा अनुभव मिला, अब राष्ट्रीय स्तर पर उससे बेहतर प्रदर्शन करना है।
-मायरा गुप्ता
स्टेट के प्रदर्शन से आत्मविश्वास बढ़ा है। अब देशभर के खिलाड़ियों से मुकाबला होगा। कोशिश रहेगी कि अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पदक जीतें।
-शायला भाटी