पलवल। पत्नी द्वारा रोज-रोज मारपीट करने से परेशान एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही गदपुरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर उसकी पत्नी सहित 9 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वह पत्नी के गांव के ही एक युवक के साथ अवैध संबंधों का विरोध करता था। उसी बात को लेकर वह मारपीट कर उसे प्रताड़ित करती थी।
डीएसपी शिवा अर्चन के अनुसार, धतीर गांव निवासी डालचंद ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि उसका बेटा विनोद अपनी पत्नी से परेशान था। उसकी पत्नी उसके साथ हर दिन मारपीट करती थी। आरोप है कि मृतक की पत्नी सुषमा का गांव के एक युवक के साथ अवैध संबंध है। उसे लेकर विनोद रोक-टोक करता था तथा विरोध करता था। इसी बात को लेकर सुषमा उसके साथ मारपीट करती थी। मारपीट में उसका साथ विनोद के ही पुत्र अजय, रविंद्र, खेड़ला (सोहना) गांव निवासी सुषमा की मौसी रेशम, मौसा चमनलाल व मौसी के लड़के उदय, तेजकरण व नवीन भी देते थे।
हर दिन मारपीट से विनोद काफी परेशान रहता था। इसी बात से तंग आकर उसने 10 अगस्त की देर रात घर में फंदा पर लटककर आत्महत्या कर ली। डीएसपी के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद 11 अगस्त को दोपहर परिजनों के हवाले कर दिया गया था तथा शाम को ही सभी आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने तथा मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। उनका कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।