फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: स्कूल न आने पर छात्र को पीटा, दूसरी मंजिल से कूदा

विज्ञापन
विज्ञापन
08पीएएलपी12- स्कूल की छत से कूदकर गंभीर रूप से घायल हुआ छात्र निपुण। - संवाद
विज्ञापन

छात्र के दोनों हाथ, एक पैर व जबड़ा टूटा, सिर में भी लगी गंभीर चोट
बीमार होने पर की थी छुट्टी, शिक्षिका व पीटीआई पर पिटाई का आरोप
स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को बताया निराधार

संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। बीमार होने पर स्कूल न जाना एक आठवीं कक्षा के छात्र को भारी पड़ गया। स्कूल जाने पर शिक्षिका ने उसकी एक न सुनी और पिटाई कर दी। उसके बाद पीटीआई टीचर ने छात्र को जमकर पीटा। पिटाई के कारण छात्र के मन में इतना डर बैठ गया कि वह स्कूल की दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया। छात्र के कूदने से स्कूल में हड़कंप मच गया और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। छत से गिरने से छात्र के हाथ व पैर टूट गए, वहीं सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हथीन थाना पुलिस ने छात्र के पिता की शिकायत पर तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को गलत बताया है।
हथीन थाना प्रभारी मुकेश कुमार के अनुसार, गांव मंडकौला निवासी योगेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका एक बेटा व दो बेटिया हैं, जो गांव मंढनाका स्थित आरजेएल पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं। उसका 13 वर्षीय बेटा निपुण आठवीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि बेटियां छोटी कक्षाओं में हैं। उसका बेटा बीमार होने के चलते 14 से 17 सितंबर तक स्कूल नहीं गया। 18 सितंबर को जब वह स्कूल पहुंचा तो कक्षा इंचार्ज प्रतिभा ने उससे स्कूल न आने का कारण पूछा। निपुण ने बीमार होने के कारण स्कूल न आने की बात कही तो प्रतिभा मैडम ने उसके साथ मारपीट की। उसके बाद पीटीआई लखन ने उसके बेटे निपुण को बुरी तरह से पीटा। पीटीआई व शिक्षिका की मार से निपुण बुरी तरह से डर गया। निपुण की छोटी बहन पूर्वी ने ये सारी बात बताई, जो उसी स्कूल में पढ़ती है। अध्यापकों के डर के कारण उसका बेटा स्कूल की दूसरी मंजिल से कूद गया। मामले की सूचना मिलने पर छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने छात्र के पिता की शिकायत पर स्कूल के प्रिंसिपल धर्मेंद्र, अध्यापिका प्रतिभा व पीटीआई लखन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मौके पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है। आरोप सिद्ध होने पर मामले में गिरफ्तारी की जाएगी।
विज्ञापन

दूसरी मंजिल से गिरने से छात्र निपुण को गंभीर चोटें आई हैं। छात्र के दोनों हाथ व एक पैर टूट गए हैं। इसके अलावा सिर में भी फ्रेक्चर बताया गया है। छात्र का पूरा जबड़ा टूट गया, जिससे अभी वह बोल तक नहीं पा रहा है। गंभीर हालत के चलते छात्र निपुण पलवल के एक निजी अस्पताल की आईसीयू में दाखिल रहा।
विज्ञापन

स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को बताया निराधार
आरजेएल पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र ने बताया कि छात्र निपुण अध्यापकों की मार की डर से नहीं कूदा। इस बारे में लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। छात्र निपुण के साथ कोई मारपीट नहीं की गई और न ही उसको कोई डर दिखाया गया। घटना वाले दिन छात्र निपुण की सभी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में हैं। पल-पल की रिकॉर्डिंग है। पुलिस जांच कर रही है। जांच में सब साफ हो जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें