पलवल। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन की राज्य कमेटी के आह्वान पर कर्मचारियों ने सोमवार को अधीक्षक अभियंता के कार्यालय पर धरना दिया। धरना पंचायती पंप आपरेटरों को 17-18 माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में दिया गया। इस दौरान जिला सचिव योगेश शर्मा ने कहा कि बुधवार को शहीद भगत सिंह की जयंती गुर्जर धर्मशाला में मनाई जाएगी। 28-29 मार्च की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गांव की पेयजल व्यवस्था को पंचायतों, शहरों की पेयजल व मल व्यवस्था को नगर निगमों व फिक्स डिपॉजिट वर्क वाली सप्लाई जैसे बस स्टैंड, जेल, अस्पताल, आईटीआई आदि विभाग से छीनने के बाद जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का आकार ही नहीं बचेगा। सिंचाई विभाग में नई नहर का निर्माण बंद हो गया है पुरानी नहरों का रखरखाव भी ठेकेदार के हवाले कर दिया गया है। शाखा के पास संपूर्ण संसाधन होते हुए भी कोई कार्य विभाग के कर्मचारियों से नहीं कराया जाता है। सारे कार्य ठेके पर करवाए जाते हैं। धरने की अध्यक्षता जिला चेयरमैन बीरसिंह सौरौत ने की और संचालन पब्लिक हेल्थ के ब्रांच प्रधान बालकिशन शर्मा ने किया। इस मौके पर मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के जिलाध्यक्ष बीर सिंह सौरौत, जिला प्रधान रमेश डागर, राज्य के उप प्रधान राकेश तंवर मौजूद रहे।