स्वच्छता को लेकर युद्धस्तर पर चल रहा अभियान, जिले में छह स्थानों पर बनेंगे सामुदायिक शौचालय
मोहित शुक्ला
नूंह। जिले में स्वच्छता को लेकर प्रशासन ने युद्धस्तर पर अभियान छेड़ दिया है। नगर परिषद नूंह की ओर से न केवल घर-घर से कचरा उठाने की व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है, बल्कि कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीकों का भी इस्तेमाल शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले के छह प्रमुख स्थानों पर सामुदायिक शौचालय बनाए जाने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है। इस पूरी योजना पर लगभग 70 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि कचरा प्रबंधन पर सात करोड़ रुपये और घर-घर से कचरा उठाने पर भी लाखों रुपये का व्यय किया जा रहा है।
नगर परिषद नूंह की ओर से सार्वजनिक स्थलों पर शौचालयों के निर्माण हेतु 15 मई तक छह स्थानों के लिए कागजी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक प्रस्तावित कार्य की अनुमानित लागत करीब 12 लाख रुपये है। ये निर्माण कार्य विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) की सहकारी समितियों के माध्यम से करवाए जाएंगे। इससे स्वच्छता के साथ समाज में कमजोर वर्ग को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। वहीं, लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेताओं ने शौचालय की सुविधा को दुरुस्त करने का वादा किया था। कुछ समय बाद ही सही लेकिन इसके लिए काम किया जा रहा है। घर-घर से कचरा उठाने के साथ शौचालय का काम होने से नूंह में सफाई व्यवस्था बेहतर होगी।
-
इन स्थानों पर बनेंगे शौचालय
जिन स्थानों पर ये शौचालय बनाए जाएंगे, उनमें प्रमुख पुराना बस स्टैंड के पास, सब्जी मंडी, वाल्मीकि मोहल्ला, गोरखपुर चौक, गऊशाला रोड और होडल चौक है। इन सभी जगहों पर शौचालयों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसे अब प्राथमिकता देते हुए अमल में लाया जा रहा है।
स्मार्ट तकनीक से हो रहा है कचरा निस्तारण
नूंह में स्वच्छता को लेकर किए जा रहे इन प्रयासों का उद्देश्य जिले को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यकर बनाना है। वर्तमान में जिले के शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को और अधिक कुशल बनाने के लिए स्मार्ट तकनीकों का उपयोग शुरू किया गया है। इससे कचरे के स्रोत पर ही उसके अलगाव, संग्रहण और निस्तारण की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
-
नूंह को स्वच्छ बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। जल्द ही जमीनी स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। आम जनता से अपील है कि वे भी इसमें सहयोग दें। - अरुण नांदल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, नूंह