पंचकूला भेजी गई है फाइल, सत्र को दो माह बीते अभी तक 600 सहायक शिक्षकों को नहीं दिया एक्सटेंशन
शेरसिंह डागर
नूंह। मेवात जिले में बोर्ड की कक्षाओं का परीक्षा परिणाम शर्मनाक रहने के बाद भी चंडीगढ़ में बैठे अधिकारी मेवात को लेकर फिक्रमंद नहीं हैं। यही कारण है कि शैक्षणिक सत्र के दो महीने बीत जाने के बाद भी मेवात में काम कर रहे करीब 600 सहायक शिक्षकों को अभी तक उच्च अधिकारियों ने एक्सटेंशन नहीं दिया है। इससे जहां स्कूलों में शिक्षकों की कमी के कारण माहौल खराब हो रहा है। वहीं, बच्चों की पढ़ाई पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
जिला प्रशासन लगातार कोशिश कर रहा है लेकिन चंडीगढ़ में बैठे अफसर इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। मेवात के अभिभावकों ने शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री से मांग की है कि सहायक शिक्षकों को एक्सटेंशन दी जाए ताकि मेवात की शिक्षा फिर से पटरी पर चढ़ सके।
नूंह जिले में 950 स्कूल हैं। इनमें 126 सीनियर सेकेंडरी, आठ हाई स्कूल, 306 मिडिल स्कूल, 500 प्राइमरी स्कूल हैं। इसके अलावा पांच आरोही मॉडल व पांच कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हैं। इनमें करीब दो लाख छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। जिले की कुल साक्षरता दर लगभग 54 प्रतिशत है। इसमें पुरुष साक्षरता दर लगभग 69 प्रतिशत है तो महिला साक्षरता दर 36 प्रतिशत है।
जिले में छात्रों की नींव रखने वाले प्राइमरी स्कूलों का सबसे बुरा हाल है। यहां स्कूलों में 1061 पद रिक्त हैं। ऐसे में बच्चों की शुरुआती शिक्षा की ठीक नहीं हो पाती और वो आगे चलकर कमजोर स्थिति के कारण पढ़ाई छोड़ देते हैं। यहीं कारण है कि यहां पांचवीं के बाद करीब 60 प्रतिशत छात्र ड्रॉप आउट हो जाते हैं। नियमित भर्ती न होने तक यहां सहायक शिक्षकों की नियुक्ति की गई।
विद्यालय में शिक्षकों के पदों पर एक नजर
पद स्वीकृत पद। तैनात। रिक्त
प्रिंसिपल 117 96 21
हेड मास्टर। 07 01 06
पीजीटी। 1,889 989 905
टीजीटी। 3,403 2,011 1,857
हेड टीचर। 380 162 218
जेबीटी टीचर। 3,898 1,824 2074
-
हमने फाइल पंचकूला एक्सटेंशन के लिए भेजी हुई है। जैसे ही वहां से स्वीकृति आ जाएगी। सहायक शिक्षकों को स्कूलों में बुला लिया जाएगा। इस बारे में लगातार प्रयास जारी हैं। उम्मीद है जल्द ही इसमें सकारात्मक करवाई होगी। - विश्राम मीणा, डीसी नूंह