गांव सोंहद और बंचारी में पेयजल संकट गहराया हुआ है। गांव की महिलाओं को भीषण गर्मी में दूरदराज से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। वहीं कई ग्रामीण पानी खरीदकर पी रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बावजूद अभी तक समस्या बनी हुई है।
गांव सोंहद की भुल्लू पट्टी निवासी महिला मनीषा सौरोत, सुफेदी, श्यामबती, किशनबती, पूजा व गांव बंचारी की महिला रामकली, सविता, अनीता, मोहनबती, कैलाशी का कहना है कि गांव में पिछले एक सप्ताह से पानी की किल्लत कुछ ज्यादा ही हो गई है। उन्हें तपती दोपहर में पानी लेने जाना पड़ रहा है।
कई बार तो महिलाएं पानी लाते वक्त बेहोश भी हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि जब पानी आने का समय होता है, तब बिजली नहीं आती और जब बिजली आती है तो पानी नहीं आता। वह पिछले एक सप्ताह से पानी के लिए भटक रही हैं।
-पिछले दिनों आंधी के कारण गांव सोंहद की बिजली फेल हो गई थी, जिसके कारण समस्या और गंभीर हो गई। वहीं गांव बंचारी में मोटर जाम होने के कारण समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों गांवों में जल्दी समस्याओं का समाधान कराकर पेयजल सप्लाई शुरू करा दी जाएगी।
- प्रताप सिंह बनजाना, एसडीओ, पब्लिक हेल्थ