बिजली की समस्या से त्रस्त कल्याण एंक्लेव के लोगों ने शुक्रवार को बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता पीके चौहान को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कल्याण एंक्लेव रेजीडेंट विकास सोसायटी के प्रधान जगमोहन रावत के नेतृत्व में सौंपा गया।
कार्यकारी अभियंता को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कल्याण एंक्लेव के फेस वन में पिछले दो साल से कम वोल्टेज की समस्या है। बिजली आती है, परंतु वोल्टेज काफी लो होती है। पंखे, कूलर व फ्रिज इत्यादि उपकरण भी रेंग-रेंग कर चलते हैं।
राजमार्ग किनारे रखे एक ट्रांसफार्मर से पूरी कालोनी में बिजली आपूर्ति होती है। इससे ट्रांसफार्मर पर लोड पड़ता है और ट्रिपिंग होती रहती है और वोल्टेज भी कम आती है।
ज्ञापन में कहा गया कि नेताओं और अधिकारियों दोनों से कहा गया लेकिन अभी तक समस्या बरकरार है। कालोनी के लोगों ने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने और खंभों पर तार खिंचवाने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में सोसायटी के उपप्रधान हरीचंद देशवाल, महासचिव कैप्टन वीर सिंह, रामस्वरूप, चरण सिंह डागर, राधारमन शर्मा, बलबीर सिंह, रमन गोयल व ओमप्रकाश शर्मा मुख्य रूप से शामिल हुए।