सात माह बाद हुई ग्रीवेंस कमेटी की बैठक मात्र 15 मिनट में समाप्त हो गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे राज्य मंत्री करण देव कांबोज ने चार परिवादों का मौके पर ही समाधान कर दिया। पुलिस अधिकारी द्वारा रिश्वत लेने के मामले पर उन्होंने एसडीएम की अगुवाई में एसआईटी गठन करने का निर्देश दिया।
मंत्री कांबोज ने गांव कारना निवासी आराम नंबरदार ने एक मामले में हथीन सीआईए द्वारा ली गई दो लाख 10 हजार की रिश्वत मामले में एएसआई को गिरफ्तार न करने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कई आरोपियों को बचाकर एक एएसआई सुरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया था, लेकिन उसे भी गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने हथीन के डीएसपी पर भी आरोप लगाए। इस पर मंत्री ने एसडीएम व ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य गिर्राज डागर की एसआईटी बनाकर 15 दिन में जांच करने के निर्देश दिए।
अन्य परिवादों में एनएच-2 स्थित महात्मा गांधी सामुदायिक केन्द्र एवं पंचायत भवन में लंबे समय बाद हुई ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में 11 परिवाद रखे गए थे। इनमें से मंत्री जी ने मंढनाका गांव में भरने वाले बरसाती पानी की निकासी का प्रबंध करने, टहरकी गांव में बिजली के तार बदलने की शिकायत का निपटान, खांबी गांव में पेयजलापूर्ति की पाइप लाइन से अवैध कनेक्शनों को बंद करने तथा जन्म प्रमाण-पत्र जारी करना शामिल रहा।
श्मशाबाद गांव के गंगाराम व उनकी पत्नी बिमला की वृद्धावस्था पेंशन बनाने की कार्रवाई तत्काल करने के आदेश दिए, हालांकि उक्त परिवादों में तीन ही शिकायतकर्ता मौजूद रहे। बैठक में पलवल के कांग्रेसी विधायक करण सिंह दलाल, पृथला विधायक टेकचन्द शर्मा, पूर्व विधायक रामरतन, सीएम के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला व डीसी अशोक शर्मा सहित जिले के संबंधित विभागों के अधिकारी व कमेटी के गैर सरकारी सदस्य भी मौजूद रहे।