संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में 15 जून से शुरू हुए विशेष गहन पुनर्निरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र का दौरा कर कार्यों की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में फिरोजपुर झिरका के एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने ग्रामीण क्षेत्र के दर्जनभर से अधिक गांवों का दौरा कर एसआईआर कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने बताया कि एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए सभी बीएलओ को पूर्व में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बुधवार को उन्होंने मुंढाका, शकरपुरी, दोहा, कोलगांव, सायमीरबास, इब्राहिमबास, भाकड़ौजी, खेड़ा, शाहपुर, पथराली और अगोन सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर बीएलओ एवं सुपरवाइजरों द्वारा किए जा रहे कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई तथा कार्य की प्रगति का आकलन किया गया। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर कार्य को पूरी सटीकता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहने पाए।