पलवल। जिले की बैंकों में भी अब ठग सक्रिय हैं, जो बैंकों में रुपये जमा कराने आने वाले लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे ही दो मामले जिले में सामने आए है। जिनमें ठगों ने बैंकों में पैसे जमा कराने आए दो लोगों से एक लाख, 32 हजार रुपये ठग लिए और फरार हो गए। पुलिस मुकदमे दर्ज कर बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
कैंप थाना के जांच अधिकारी कैलाश चंद ने बताया कि तुहीराम कॉलोनी पलवल निवासी भवानी शंकर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह बुधवार को अलावलपुर चौक स्थित पीएनबी बैंक में एक लाख रुपये जमा करने गया था। जहां दो ठगों ने उसके थैले से पैसों की गड्डी निकालकर कागज के टुकड़े रख दिए। पीड़ित ने जब थैले से पैसों की गड्डी निकाली तो उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। पीड़ित ने इसकी शिकायत कैंप थाना पुलिस से की। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
वहीं, शहर थाना की हथीन गेट चौकी के जांच अधिकारी कृष्ण ने बताया कि पीडब्लूडी कार्यालय न्यू कॉलोनी निवासी अजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह 42 हजार रुपये एसबीआई बैंक में जमा कराने के लिए गया था। उसी दौरान उसे बैंक परिसर में एक अनजान व्यक्ति मिला। जिसने पैसों को मशीन में जमा कराने की बात कही। पीड़ित ने जब उसके नोट मशीन में डाले तो उसने 2000 रुपये के पांच नोट रिजेक्ट बताकर बैंक में चेंज कराने भेज दिया। पीड़ित जब बैंक से लौटकर मशीन के पास पहुंचा तो व्यक्ति उसके 32 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो चुका था। पीड़ित ने आरोपी को तलाश किया, लेकिन कहीं नहीं मिला। पीड़ित ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत शहर थाना पुलिस से की, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।