संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शादी का झांसा देकर छेड़छाड़ करने की अश्लील वीडियो बना ली। उसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने होटल बुलाकर दुष्कर्म किया। कैंप थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
कैंप थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के अनुसार एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह किसी काम से अदालत में गई थी, वहां उसकी मुलाकात राजस्थान के जिला चूरू निवासी दीपक कुमार से हुई। बातचीत होने पर दोनों ने एक-दूसरे का नंबर ले लिया और दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी। दोस्ती होने पर आरोपी ने उसके शादी करने का झांसा दिया और मिलने के लिए बुलाया। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ छेडछाड़ की और अश्लील वीडियो बना ली। आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। तीन माह बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके पलवल के एक होटल में बुला लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसके साथी सुरेंद्र ने भी उसका साथ दिया। घर जाकर उसने आपबीती परिजनों को बताई को मामले की शिकायत पर पुलिस को दी गई।
जांच अधिकारी सुमित्रा के अनुसार शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांजा बेचता एक आरोपी काबू, मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर थाना पुलिस ने सैय्यदवाडा मोहल्ला से एक युवक को मादक पदार्थ बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से करीब 450 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर थाना पुलिस प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि सैय्यदवाड़ा मोहल्ला निवासी लाखन चौक पर गांजा बेचने का काम करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापेमारी की और युवक को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा की कीमत करीब 50 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-प्रवीण बैंसला