सिंचाई विभाग के अधिकारियों साथ बैठक करते विधायक प्रवीण डागर
- फोटो : Palwal
हथीन। विधायक प्रवीण डागर ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान विधायक ने जलभराव की समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि 40 नलकूपों का प्रस्ताव तैयार किया जाए और चंडीगढ़ मुख्यालय भिजवाया जाए। गांव मंडकौला के जंगल में 10 नलकूप लगाए गए हैं। इससे लगभग 2 हजार एकड़ जमीन पर पेयजल की समस्या दूर हुई है।
उन्होंने कहा कि दुबालू माइनर को ड्रेन में तब्दील करने की मंजूरी विभाग को प्राप्त हो चुकी है। इसकी जल्द से जल्द खुदाई कराई जाए, ताकि गांव कानौली खेड़ली, मंडकोला, नौरंगाबाद के किसानों को लाभ मिल सके। विधायक ने मानपुर पंप हाउस पर जल्द से जल्द बड़ा पंप सेट लगाने के लिए भी निर्देश दिए, ताकि मानपुर, बहीन, नागल जाट, आली ब्राह्मण, अंधोप के किसानों को सिंचाई का पानी मिल सके। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता राजीव बत्रा, मुख्य अभियंता सिविल सोमनाथ गर्ग, मुख्य अभियंता मैकेनिकल हितेश धारीवाल, पप्पू पहलवान, देवेंद्र पहलवान, अमरपाल, अनिल डागर आदि मौजूद रहे।