हथीन। उपमंडल के गांव उटावड में हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने बिजली का नया पावर हाउस निर्माण कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दी है। पावर हाउस निर्माण का प्रस्ताव बनाकर राज्य मुख्यालय के पास स्वीकृति के लिए भेज दिया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक स्थानीय भाजपा विधायक प्रवीण डागर ने भी गांव में पावर हाउस निर्माण कराने की सिफारिश राज्य के बिजली मंत्री रणजीत सिंह से कर दी है। बिजली मंत्री शनिवार 11 दिसंबर को उटावड में आकर पावर हाउस निर्माण की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उटावड में पावर हाउस स्थापना की मांग पिछले एक दशक से की जा रही है। वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्य संसदीय सचिव जलेब खान ने पावर हाउस निर्माण की मांग तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से की थी। हुड्डा ने मांग पर सहमति भी दे दी थी। परन्तु पावरहाउस के लिए भूमि उपलब्ध न होने के कारण यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई। अब भूमि उपलब्ध है। पावर हाउस निर्माण से क्षेत्र के एक दर्जन गांवों उटावड, घुड़ावली, टोंका, मलाई, रूपडाका, जलालपुर, भीमसीका, रनियला खुर्द, ढकलपुर, मालपुरी, चिल्ली आदि एक दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति में सुधार होगा।
हमारा गांव हथीन पावर हाउस से अंतिम छोर पर है। लो वोल्टेज की समस्या रहती है। अब उटावड पावर हाउस निर्माण से आपूर्ति में निश्चित रूप से सुधार होगा। उन्होंने कहा कि इसकी मांग लंबे अरसे से की जा रही थी।
- हक्कू घुडावली भाजपा नेता
उटावड में पावर हाउस निर्माण की मांग को पूरा कराने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ एवं बिजली मंत्री रणजीत सिंह से मांग की गई थी। अब इसको मंजूरी मिल गई है।
- सूरज पांडे, भाजपा नेता
इस पावर हाउस को बनाने की सारी प्रक्रियाएं पूरी करा दी गई हैं। उम्मीद है कि 11 दिसंबर को बिजली मंत्री इसकी घोषणा कर देंगे तथा जल्द कार्य शुरू हो जाएगा। मेरा प्रयास है कि हथीन क्षेत्र में बिजली की समस्या न रहे।
- प्रवीण डागर, विधायक हथीन