महिला सुरक्षा का दम भरने वाली पुलिस के एक जवान ने एक महिला के साथ मारपीट की। लोगों ने विरोध किया तो शराब व वर्दी के नशे में मगरूर पुलिस कर्मी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शहर थाना पुलिस ने महिला के एक रिश्तेदार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
शहर थाना प्रभारी रूपलाल के अनुसार, हंसराज शहर थाने में बतौर ईएचसी कार्यरत है। खैलकलां मोहल्ला निवासी सुरेंद्र ने शनिवार को शिकायत दी थी कि हंसराज दिन में ही शराब पीए हुए था व शराब के नशे में उसने श्रीराम कालोनी निवासी एक महिला के साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता का आरोप था कि वर्दी व शराब के नशे में धुत हंसराज ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
एसएचओ के अनुसार, शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी पुलिसकर्मी हंसराज को गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया। एसएचओ के अनुसार आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।