- यूपी के शिक्षा विभाग में क्लर्क और चपरासी के पद पर नौकरी लगाने का दिया था झांसा
- हिंदू इंटर कॉलेज के नाम पर दिया था फर्जी नियुक्ति पत्र, दो के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। यूपी के शिक्षा विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर हरियाणा बॉर्डर पर स्थित गांव में युवाओं व उनके रिश्तेदारों के साथ धोखाधड़ी कर लाखों रुपये ऐंठने के बाद हिंदू इंटर कॉलेज के नाम का फर्जी नियुक्ति पत्र देने का मामला सामने आया है । पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर महिला सहित दो नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित गांव करमन निवासी हरकेश सौरोत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2018 में कोटवन बाॅर्डर पर उसकी मुलाकात यूपी कोसीकलां निवासी वीरेंद्र चौधरी से हुई। बाद में दोनों का आपस में आना-जाना शुरू हो गया। करीब 18 माह बाद वीरेंद्र चौधरी ने उसे यूपी सरकार में सरकारी नौकरी दिलवाने के बारे में बातचीत की । शिकायत में बताया कि आरोपी ने उससे कहा कि वह उसकी शिक्षा विभाग में क्लर्क के पद पर नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए प्रति व्यक्ति 6 लाख रुपये लगेंगे । इस एवज में आधे रुपये पहले देने होंगे, बाकी नौकरी लगने के बाद। पीड़ित आरोपी के झांसे में आ गया और उसने अपनी भाभी ज्योति की नौकरी लगवाने के लिए 2 लाख रुपये आरोपी को दिए। उसने उसके द्वारा बताई गई नीरू नारंग नामक महिला के खाते के अलावा एक लाख रुपये पे फोन में डलवाए। आरोप है कि उसके बाद आरोपी ने कहा कि शिक्षा विभाग में क्लर्क व चपरासी के कई पद खाली हैं। और किसी दोस्त व रिश्तेदार की नौकरी लगवानी हो तो बता देना। उसकी इस बात में आकर पीड़ित ने अपनी रिश्तेदारी के अन्य लोगों से 26 लाख, 83 हजार रुपये लेकर नीरू नारंग नाम की महिला के खाते में डलवा दिए । शिकायत में बताया कि आरोपी ने उन्हें यूपी कोसीकलां स्थित हिन्दू इंटर कॉलेज का एक नियुक्ति पत्र दिया। पीड़ित जब कॉलेज में नौकरी ज्वाइन पहुंचे तो पता चला कि यह नियुक्ति पत्र फर्जी है। उन्होंने जब इस बारे में बात की तो पता चला कि आरोपी ने होडल निवासी उम्मेद सिंह से भी नौकरी लगवाने के नाम पर 20 लाख 42 हजार रुपये पहले ही हड़प लिए। पीड़ित ने जब आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए पैसे देने से मना कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी वीरेंद्र और महिला नीरू नारंग के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।