हथीन। उटावड़ थाना पुलिस ने उटावड़ निवासी अफसर को करीब 5 किलो बीफ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का दूसरा साथी बाइक सहित फरार हो गया। पुलिस जब आरोपी को गाड़ी में बैठाने लगी तो इसी बीच ग्रामीणों ने उसे छुड़वाने का प्रयास किया तथा हाथापाई तक की।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर छत्रपाल ने बताया कि आरोपी की पहचान उटावड़ निवासी अफसर उर्फ बांडा के रूप में हुई। आरोपी का दूसरा साथी रहीस निवासी कोट बाइक सहित फरार हो गया। उन्होंने बताया कि जो ग्रामीण आरोपी को छुड़ाने का प्रयास कर रहे थे, उनकी भी पहचान कर ली गई है। 6 से अधिक आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी अफसर का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे अदालत में पेशकर जेल भेज दिया गया है।
भगोड़े को किया गिरफ्तार
पशु क्रूरता अधिनियम के एक मामले में वर्ष 2020 से फरार चल रहे आरोपी मुल्ला उर्फ इरफान निवासी उटावड़ को एवीटी हथीन पुलिस स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। प्रभारी उप निरीक्षक हाजिर खान ने बताया कि हवलदार मुन्फेद अपनी टीम के साथ नूंह रोड पर वीटा दूध बूथ के पास मौजूद थे। तभी उन्हें सूचना मिली थी कि पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में फरार चल रहा आरोपी मुल्ला नूंह- होडल रोड पर वीटा बूथ के पास खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।