आतंकवाद के खिलाफ शपथ लेते सरकारी कर्मचारी
- फोटो : Palwal
पलवल। हरियाणा सरकार के निर्देश पर शुक्रवार को पलवल जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा आतंकवाद से लड़ने की शपथ ली गई। इस दौरान नगराधीश द्विजा ने बताया कि आतंकवाद राष्ट्रहित के लिए घातक है। युवाओं को आतंकवाद और हिंसा से दूर रखने के उद्देश्य से प्रति वर्ष 21 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उपायुक्त कार्यालय की संबंधित शाखाओं या कार्यालयों के प्रमुखों द्वारा प्रतिज्ञा ली गई कि हम भारतवासी अपने देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परंपरा में दृढ़ विश्वास रखते हैं तथा निष्ठापूर्वक शपथ लेते हैं कि हम सभी प्रकार के आतंकवाद तथा हिंसा का डटकर विरोध करेंगे। हम मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव तथा सूझबूझ कायम करने और मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली एवं विघटनकारी शक्तियों से लड़ने की भी शपथ लेते हैं। राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से सावधान रहने के साथ-साथ शांति व सद्भाव के उद्देश्य के लिए यह दिवस मनाया गया। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय पलवल में भी कर्मचारियों द्वारा आतंकवाद विरोधी शपथ ली गई। इसके अलावा उपमंडल, खंड व तहसील स्तर पर स्थित कार्यालयों में भी आतंकवाद विरोधी शपथ ली गई।