पलवल। लघु सचिवालय के सभागार में मंगलवार को 12वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। जिला उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्ण कुमार ने कार्यक्रम मौजूद अधिकारियों को मतदाता शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मतदाता सूचियों के प्रकाशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र में वोट की बड़ी भूमिका है। मजबूत लोकतंत्र के लिए जब भी चुनाव हों अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
उपायुक्त कृष्ण कुमार के कहा कि हर वर्ष की भांति आज जिला स्तरीय मतदाता दिवस मना रहे है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को नए मतदाता को पहचान-पत्र प्रदान करते हैं। लोकतंत्र में हम सबकी अहम जिम्मेदारी है, सभी को 18 वर्ष के युवा अपना नाम निर्वाचन नामावली मे दर्ज कराते हुए अपनी वोटर पहचान-पत्र अवश्य बनवाएं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं को मतदान करने व मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए लोगों में जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। मतदाता बिना किसी भय, पक्षपात के मतदान करें। लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा बनी रहे और युवा मतदाता इससे जुड़े।
कार्यक्रम में कोविड के दिशा निर्देशानुसार राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मुख्यालय चंडीगढ़ से प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में सीधा प्रसारण किया गया। 25 जनवरी, 2011 को मतदाता दिवस की शुरूआत की गई। मतदाता दिवस की शुरूआत का मकसद ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं का सूची में नाम जोड़ना तथा मतदान के लिए प्रेरित करना है। मतदाता दिवस मतदाताओं को समर्पित है, इस दिन मतदाताओं में जागरूकता उत्पन्न की जाती है तथा नये मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाता है। कार्यक्रम में पलवल की एसडीएम वैशाली सिंह, हथीन के एसडीएम लक्ष्मीनारायण, होडल के तहसीलदार संजीव नागर, तहसीलदार चुनाव कृष्ण कुमार, कानूनगो जितेन्द्र कुमार उपस्थित रहे।