पलवल। शहर के हुड्डा सेक्टर-2 में हुई मोबाइल लूट की वारदात को क्राइम ब्रांच ने 48 घंटे में सुलझा लिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक किशोर भी शामिल है। व्यस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि किशोर को बाल सुधार गृह में भेजा गया।
एक सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर राजकुमार उर्फ राजू निवासी मोहननगर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद हुई। राजकुमार की निशानदेही पर अतुल निवासी कैलाश नगर और एक किशोर को भी पकड़ा गया।
गौरतलब है कि 31 अगस्त को देशराज बंसल ने शिकायत दी थी कि जब वह अपने ऑफिस से दादी को लेने जा रहे थे, तभी बीजेपी कार्यालय के पास हुड्डा सेक्टर-2 में बाइक सवार तीन युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना शहर पुलिस ने बीएनएस की धारा 304 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था।