संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। आपराधिक वारदात को अंजाम देने के फिराक में बैठे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस कर्मियों ने जमीन पर लेटकर अपनी जान बचाई और दबिश देकर एक आरोपी को काबू कर लिया। दो बदमाश गन्ने खेत में कूदकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। मुंडकटी थाना पुलिस ने पलवल अपराध जांच शाखा के हवलदार की शिकायत पर तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
मुंडकटी थाना प्रभारी धर्मेंद्र के अनुसार पलवल की अपराध जांच शाखा में कार्यरत हवलदार नरेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी टीम गांव मानपुर के समीप गश्त कर रही थी। उसी दौरान सूचना मिली कि मानपुर निवासी रवि, तरुण व रवि कुमार जो अपराधी किस्म के हैं, अपने पास अवैध हथियार रखते हैं और किसी वारदात को अंजाम देने के लिए गन्ने के खेत के पास छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर सीआईए की टीम ने दबिश दी तो वहां से तीनों युवकों ने पुलिस को देखकर हथियार से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों ने जमीन पर लेटकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को काबू में कर लिया, जबकि दो युवक मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार किए गए युवक का नाम रवि बताया गया है। आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।