पलवल के थाना गदपुरी के जटौला गांव में एमबीए के छात्र सर्वेश (21) ने साढ़े तीन लाख की ऑनलाइन ठगी के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक से मेघा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के ठगों ने रकम दोगुनी करने का झांसा देकर धोखाधड़ी की।
जब सर्वेश ने अपने पैसे मांगे तो ठगों ने फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर और रकम लगाने का दबाव बनाया। इससे परेशान होकर उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 30 सितंबर को हुई। मृतक के चचेरे भाई प्रमोद सिंह ने पुलिस को बताया कि सर्वेश एमबीए प्रथम वर्ष का छात्र था। इसके साथ ही वह आरओ वाटर प्लांट का काम करता था। सर्वेश से ठगों ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिये संपर्क किया।
ठगों ने उसे मेघा इंडिया प्रा. लि. नामक फर्जी कंपनी के जरिये पैसे दोगुना करने की स्कीम बताई। शुरुआत में ठगों ने 150-150 रुपये जमा कराए। रकम को दोगुना करके वापस भी किया। फिर ठगों ने और पैसों की मांग की। झांसे में आकर सर्वेश ने 16 से 30 सितंबर के बीच अलग-अलग खातों में यूपीआई के जरिये कई बार रकम भेजी।
फिर जब सर्वेश ने रकम लौटाने की मांग की तो उन्होंने टालमटोल किया। फिर उसके पास दूसरे लोगों के भुगतान के फर्जी स्क्रीन शॉट भेजकर विश्वास दिलाने की कोशिश की। आखिरकार 30 सितंबर शाम 6:10 बजे सर्वेश ने फोन पर कहा, अगर पैसे नहीं लौटाए तो मैं आत्महत्या कर लूंगा। ठगों ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया और पैसे मांगते रहे। इसके कुछ ही समय बाद सर्वेश ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
शुरुआत में परिवार ने मानसिक तनाव को मौत का कारण माना, लेकिन दो दिन बाद जब मोबाइल चेक किया गया तो व्हाट्सएप-टेलीग्राम चैट, ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और वॉइस कॉल रिकॉर्डिंग से पूरे मामले का खुलासा हुआ। सर्वेश ने 41 पेज की चैट और कॉल रिकॉर्डिंग्स संभालकर रखी थीं।
जिनसे ये साफ हो गया कि वह ठगी का शिकार हुआ था और मानसिक रूप से टूट चुका था। 21 वर्षीय एमबीए छात्र सर्वेश का यह मामला सिर्फ एक आत्महत्या नहीं, बल्कि यह बताता है कि कैसे साइबर ठग अब युवाओं के सपनों और भरोसे को निशाना बना रहे हैं।
सर्वेश का फोन बना गवाह
दो दिन बाद जब परिवार ने मोबाइल खंगाला तो 41 पेज की चैट, ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड और कॉल रिकॉर्डिंग्स से सच सामने आया। हर रिकॉर्ड में ठगों की चाल, धमकी और झांसे की कहानी थी। पुलिस को दी गई शिकायत के साथ परिवार ने ये सभी डिजिटल साक्ष्य सौंपे। मोबाइल और 8 जीबी की पेन ड्राइव में संरक्षित डाटा के साथ।
व्हाट्सएप-टेलीग्राम चैट में दर्ज था दर्द
मोबाइल में मिली चैट्स में सर्वेश बार-बार पैसे लौटाने की मांग करता दिखा। हर बार ठगों ने या तो झूठे स्क्रीनशॉट भेजे या कहा कि थोड़ा और डालो, तभी सब रिटर्न मिलेगा। 30 सितंबर की शाम 6:10 बजे हुई आखिरी कॉल में सर्वेश ने कहा था। अगर पैसे नहीं लौटाए तो मैं आत्महत्या कर लूंगा।
ठगी का नया चेहरा, माइक्रो इन्वेस्टमेंट स्कैम
सर्वेश की कहानी एक नई प्रवृत्ति उजागर करती है, माइक्रो इन्वेस्टमेंट स्कैम की। इसमें ठग शुरुआत में छोटे निवेश पर मुनाफा देकर भरोसा जीतते हैं, फिर धीरे-धीरे रकम बढ़वाकर पीड़ित को पूरी तरह फंसा लेते हैं। यह तरीका खास तौर पर युवाओं, छात्रों और ऑनलाइन कमाई करने वालों को निशाना बनाता है।
थाना गदपुरी पुलिस ने धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब सभी संदिग्ध खातों, यूपीआई आईडी और लिंक्ड नंबरों की जांच की जा रही है। सर्वेश के परिजन चाहते हैं कि इन ठगों को सख्त सजा मिले, ताकि किसी और का बेटा इस तरह झूठे ऑनलाइन मुनाफे के चक्कर में अपनी जिंदगी न गंवाए।
इन खातों में भेजी रकम
सर्वेश ने संतोष, रिसाल, संजय एन, अनिल कुशवाह, मिथुन विश्वकर्मा, असलम, प्रियांशु तिवारी और मुख्तार अहमद नामक व्यक्तियों के खातों में रकम भेजी। सर्वेश ने पिता तारीफ सिंह, माता कश्मीरा देवी और खुद के फोनपे से 3.5 लाख रुपये से अधिक की रकम भेजी थी।
परिजनों ने 41 पेज की चैट कॉपी सौंपी है। सभी संदिग्ध खातों के लेन-देन, यूपीआई आईडी और लिंक्ड मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। वरुण सिंगला, एसपी