फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नहीं बुझी दहेज की भूख: NCR में विवाहिता की हत्या, ससुराली कर रहे थे कार और 25 लाख की मांग, अब फरार

Wed, 17 Apr 2024 05:38 PM IST
अनुज कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पलवल

सार

दिल्ली से सटे पलवल इलाके में दहेज के लोभी ससुराल वालों ने दहेज की भूख न मिटने पर बहू की हत्या कर दी। इतना ही नहीं सभी मृतका के शव को छोड़कर फरार भी हो गए।
विज्ञापन
मृतका अंजलि - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दहेज में फॉर्च्यूनर कार और 25 लाख रुपये न देने पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोपी ससुराल वाले अस्पताल में मृतका के शव को छोड़कर फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी पति, सास, ससुर व दो ननदों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

विज्ञापन

पिता ने शादी में दिया था दहेज
शहर थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार फरीदाबाद एनआईटी स्थित जवाहर कॉलोनी निवासी अवनीश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि फरवरी 2020 में उसने अपने अपनी बेटी अंजली की शादी गांव अगवानपुर निवासी योगेंद्र उर्फ योगी के साथ की थी। शादी में गाड़ी, जेवरात व नकदी सहित जरूरत का सभी सामान दहेज के रूप में दिया गया, परंतु उसके बावजूद भी ससुराल पक्ष के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं हुए। 

दहेज की करते थे मांग
उसकी बेटी अंजली को उसका पति योगेंद्र, ससुर प्रदीप, सास पिस्ता, ननद रिंकी व प्रियंका आए दिन अधिक दहेज लाने के लिए परेशान करते थे। आरोपी दहेज में 25 लाख नगद व फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग करते थे। दहेज न मिलने पर उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन आरोपी अपनी आदतों से बाज नहीं आए। यहां तक की उसकी बेटी से उन्हें फोन पर बात तक नहीं करने दी जाती थी।

शिकायत में कहा गया कि 16 अप्रैल को उसके पिता की बरसी थी, जिसके लिए उसने योगेंद्र व उसके पिता प्रदीप को फोन कर आने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। पीड़ित ने कहा कि योगेंद्र अंजली को लेकर आ जाएगा, कुछ रुपये दे देंगे। उन्होंने रुपये नहीं दिए तो शाम को योगेंद्र उसकी बेटी अंजली व धेवते को लेकर अगवानपुर चला गया। योगेंद्र ने कहा कि उसे रुपये देने के नाम पर बुला लिया और अब खाली हाथ लौट रहा है, यह तुम्हारी बेटी के लिए अच्छा नहीं होगा। 

शाम के करीब साढ़े सात बजे अंजली के ससुर प्रदीप ने न किया कि अंजली ने फांसी लगा ली है, आप जिला नागरिक अस्पताल पलवल आ जाओ। जब वे अस्पताल पहुंचे तो अंजली गाड़ी की सीट पर मृत पड़ी हुई थी और उसके सारे जेवरात भी उतारे हुए थे। उनके वहां पहुंचते ही ससुराल पक्ष के लोग शव को छोड़कर फरार हो गए। आरोप है कि अंजली के पति योगेंद्र, ससुर प्रदीप, सास पिस्ता, ननद रिंकी व प्रियंका ने दहेज न मिलने पर उसकी गला दबाकर हत्या की है।
विज्ञापन

पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें