पलवल। चांदहट थाना अंतर्गत चल रहे अवैध शराब के ठेके का आबकारी विभाग ने भंडाफोड़ किया। विभाग की तरफ से जांच के दौरान ठेके संबंधित दस्तावेज मांगे गए, जिन्हें सेल्समैन पेश नहीं पर पाया। विभाग ने ठेके से अंग्रेजी व देसी शराब बरामद की है। चांदहट थाना पुलिस ने आबकारी विभाग के निरीक्षक की शिकायत पर सेल्समैन व ठेका मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामचंद्र जाखड़ के अनुसार आबकारी निरीक्षक सत्य कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि सोमवार 21 मार्च को वे अपने स्टाफ के साथ ठेकों की जांच कर रहे थे। नांगल ब्राह्मण से हिदायतपुर सड़क पर स्थित अंग्रेजी व देसी शराब के ठेका की जांच की गई। गांव बहीन निवासी सेल्समैन ओमबीर से ठेका संबंधित लाइसेंस व अन्य दस्तावेज मांगे गए, जिन्हें वह पेश नहीं कर पाया। सेल्समैन ने बताया कि ठेका संबंधित को लाइसेंस या दस्तावेज उसके पास नहीं है। ठेका पूरी तरह से अवैध है। विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए ठेके में भरी अंग्रेजी व देसी शराब को बरामद किया तथा मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।