केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा है कि गांव बड़ौली में डिग्री कॉलेज व रसूलपुर फाटक का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। उन्होंने गांव के विकास के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की है। गुर्जर रविवार को गांव में जनता दरबार लगाकर लोगों की जन शिकायतें सुन रहे थे, उसी दौरान उन्होंने यह बात कही।
इस राशि से गांव बड़ौली में स्किल सेंटर खोलने, क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत करने, अन्य सड़कों का निर्माण करने, अनाज मंडी को ई-मंडी बनाने, किसान विज्ञान केंद्र खोलने और गांव की गलियों के निर्माण की घोषणा की गई। इस अवसर पर राज्यमंत्री को क्षेत्र की समस्याओं को लेकर एक मांग पत्र भी सौंपा गया। राज्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को बिजली, पानी व सड़क आदि जनसमस्याओं को दूर करने के आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
मंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने दो वर्ष के शासनकाल में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को सुधारने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि केन्द्र व प्रदेश में किसान हितैषी सरकार है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है कि सरकार ने किसानों की बर्बाद हुई फसल का उचित मुआवजा दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की और लोगों को केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
जनता दरबार में सीएम राजनैतिक सचिव दीपक मंगला ने कहा कि क्षेत्र का विकास योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है और विकास की गति को इसी तरह से जारी रखा जाएगा। इस अवसर पर एडीसी राजेश जोगपाल, एसडीएम जगनिवास व एक्सईएन बिजली बोर्ड प्रदीप चौहान सहित भाजपा जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत, बिजेन्द्र चांदहट, सत्यभान शर्मा, संजय गुर्जर, अशोक बैसला व टेकराम सहित अनेक लोग मौजूद रहे।