प्रदेश सरकार की बहुआयामी योजना कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे के पलवल से मानेसर तक के भाग की शुरूआत पांच अप्रैल से हो जाएगी। केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इसका विधिवत उद्घाटन कर जनता को समर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर एक जनसभा भी आयोजित की जाएगी।
डीसी अशोक शर्मा ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि गडकरी केएमपी एक्सप्रेस-वे के पलवल से मानेसर तक के करीब 52 किलोमीटर लंबे भाग का उद्घाटन करेंगे। वैसे यह एक्सप्रेस-वे पलवल से सोनीपत के कुंडली बॉर्डर तक 129 किमी तक लंबा है। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला ने डीसी, एसपी राजेश दुग्गल सहित प्रशासनिक व विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल और जनसभा स्थल का दौरा किया।
उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ केएमपी एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण भी किया। केन्द्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देजर डीसी व एसपी ने सेक्टर-2 स्थित एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल में संबंधित अधिकारियों की बैठक भी ली।
बैठक में एसडीएम सतबीर मान, डीएसपी हेडक्वार्टर मनीष सहगल, एचएसआईआईडीसी के कार्यकारी अभिन्यता सुरेन्द्र देशवाल, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियन्ता अशोक कुमार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रबंधक (तकनीकी) सुरेश कुमार व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियन्ता प्रदीप चौहान आदि मौजूद रहे।