हथीन। शिक्षा विभाग ने सीबीएसई से जुड़े जिले के पांच मॉडल संस्कृति स्कूलों में नेट की सुविधा देने का फैसला लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने इसके लिए संबंधित स्कूलों में आधारभूत संरचनाओं की व्यवस्था करने के भी निर्देश दे दिए हैं। इससे आनॅलाइन शिक्षा पद्धति को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा कक्षा पहली से 12वीं तक के बच्चों को एनसीईआरटी व एससीईआरटी की आनलॉइन कक्षाएं भी दी जा सकेंगी।
जिन स्कूलों में वाईफाई की सुविधा मिलेगी, उनमें हथीन के सीनियर सेकंडरी मॉडल संस्कृति स्कूल के अलावा होडल, बडौली, पृथला एवं धतीर शामिल हैं। सभी स्कूलों में कंप्यूटर लैब भी स्थापित की जा रही है। इसके अलावा स्कूलों को तीन-तीन डिजिटल ब्लैकबोर्ड भी दिए जा चुके हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं स्कूल में कितनी क्षमता का नेट लगवाना होगा, लेकिन स्कूल प्रबंधकों को अतिशीघ्र नेट कनेक्शन लगवाने के निर्देश दिए है। ताकि इन स्कूलों में एससीईआरटी या एनसीईआरटी से आने वाली ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान बेहतर तालीम दी जा सके। शिक्षा विभाग ने इस बारे में प्रदेश के सभी मॉडल संस्कृति स्कूलों में दिशा-निर्देश भेजे गए है। उल्लेखनीय है कि विगत में शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 134 स्कूलों को सीबीएसई के तहत चलाने के फैसला लिया था। जिसके चलते अब इन स्कूलों में इंटरनेट की सुविधा दी गई है। इस बारे में हथीन स्थित मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य दयानन्द रावत ने बताया कि सरकारी आदेशों की पालना की जाएगी। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।