ककड़ीपुर में डिपो धारक पर कार्रवाई करती मुख्यमंत्री उड़न दस्ता की टीम।
- फोटो : Palwal
पलवल। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने गांव ककड़ीपुर में छापामारी कर डिपो धारक को राशन वितरण में धांधली करते हुए गिरफ्तार किया है। डिपो धारक राकेश दो के स्थान पर एक ही योजना का राशन उपभोक्ताओं को दे रहा था। डिपो धारक के पास आठ क्विंटल से ज्यादा गेहूं मिला। चांदहट थाना पुलिस ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी की शिकायत पर डिपो धारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव ककड़ीपुर में डिपो धारक राकेश द्वारा राशन वितरण में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। सूचना पर टीम गठित की गई। टीम में सब इंस्पेक्टर सतवीर सिंह, एएसआई प्रभूदयाल को शामिल किया गया। छापे के दौरान डिपो धारक राशन वितरित करता हुआ मिला। मशीन कब्जे में लेकर जांच की गई तो डिपो धारक पर 800 किलोग्राम से ज्यादा गेहूं मिला। मौके पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी योगेश और प्रहलाद ने कागजी कार्रवाई कर गेहूं को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि गरीबों को केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से अलग-अलग राशन देने का प्रावधान है। उपभोक्ताओं के अंगूठे का निशान लेकर राशन वितरण किया जाता है। डिपो धारक एक साथ दोनों योजनाओं का राशन देने का अंगूठा लगवा लेते था और सिर्फ एक ही योजना का राशन देता था। अलावलपुर चौकी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि गरीबों को दिए जाने वाले राशन को डकारने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी गदपुरी में अनाज से भरा ट्रक काबू किया था। गांव नाई नंगला में डिपो होल्डर पर कार्रवाई की गई। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।