हथीन। समीपवर्ती गांव गौहपुर में पिछले आठ से नौ वर्षों से निर्धारित आयु से कम उम्र लोग भी समाज कल्याण विभाग से बुढ़ापा पेंशन ले रहे हैं। इस बारे में गांव निवासी शौकत अली ने 10 ऐसे लोगों के नाम उजागर कर सीएम विंडो पर लिखित शिकायत दी है।
सीएम विंडो पोर्टल पर इस विषय में शिकायत नंबर 123844 पर शिकायत दर्ज कर ली गई। सीएम विंडो पोर्टल पर मिली शिकायत पर संज्ञान लेते हुए विभागीय प्रशासनिक सचिव ने जांच करने के निर्देश जारी किए हैं।
शौकत अली ने अपात्र एवं निर्धारित आयु से कम उम्र के लोगों की जन्म तिथि के सत्यापन के लिए स्कूल से सूचना के आधार नियम के तहत वास्तविक जन्म तिथि की सूचना ली। इसके बाद सीएम विंडो पर शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने इस संदर्भ में शिकायत जिला उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ट को भी लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उपायुक्त ने भी जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। संवाद