होडल। बिजली बोर्ड कार्यालय पर बुधवार को कर्मचारी सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा ने सरकार से रिक्त पड़े 8 लाख पदों पर स्थाई नियुक्ति कर बेरोजगारों को रोजगार और जनता को बेहतर जन सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खाली पड़े पदों को भरने की बजाय सार्वजनिक सेवा क्षेत्र का तेजी से निजीकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि रिक्त पड़े पदों को भरने, डीए और पुरानी पेंशन बहाल करने, ठेका प्रथा समाप्त कर कच्चे कर्मियों को पक्का करने आदि मांगों के संबंध में 15 जुलाई को प्रदेश भर में जिला एवं खंड स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे।
लांबा ने आरोप लगाया कि सरकार आपदा को अवसर में बदलकर कर्मचारियों के लगभग ढाई हजार करोड़ रुपए डीए के डकार गई है। सरकार ने कोरोना महामारी के कारण महंगाई भत्ते को निलंबित कर दिया है। इस कारण प्रत्येक कर्मचारी को 72 हजार से लेकर 1.5 लाख तक का नुकसान उठाना पड़ा है। इसमें सेना के जवान भी शामिल है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर सरकार ने कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी की तो कर्मचारी मजबूरन कोई कठोर निर्णय लेने पर मजबूर होंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता ब्लाक प्रधान उदयवीर सिंह ने की और संचालन सचिव देवेंद्र नंबरदार ने किया। इस मौके पर जिला सचिव योगेश शर्मा, बीर सिंह, महेंद्र सिंह, नरेंद्र सौरोत, लख्मी, प्रदीप सैनी, गोपाल, रणबीर वर्मा, दिनेश शर्मा आदि मौजूद थे।