संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। द रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन की हड़ताल बुधवार को भी रही। जिला प्रधान अमर सिंह भाटी की अध्यक्षता में जारी हड़ताल में पटवारियों ने अपनी लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की। जिला प्रधान अमर सिंह भाटी ने कहा कि पे ग्रेड बढ़ाने को लेकर सरकार से पहले भी मांग की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई न होने के चलते हड़ताल पर हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 25 जनवरी को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के मुताबिक पटवारी का पे ग्रेड 25500 से बढ़कर 32 हजार किया गया था, जिसे लागू किए जाने को लेकर पटवारी लगातार मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से पे ग्रेड को लागू किया जाए। सरकार जल्द पटवारियों की मांग पूरी करे। पटवारी काम के बोझ की अधिकता के कारण छुट्टी वाले दिन भी काम करते हैं। संचालन जितेंद्र वत्स ने किया। इस दौरान पटवारियों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पूर्व प्रधान विनोद दलाल, अभिषेक लांबा, धर्मवीर, विनोद तेवतिया, अनिल जाखड़, अमर सिंह, जितेंद्र शर्मा, नानक, बलवान मौजूद रहे।