पलवल। चोरों ने अलग-अलग थाना क्षेत्र में पांच वारदात को अंजाम दिया। तीन जगह चोर मकान व दुकान से हजारों रुपये की नकदी सहित अन्य सामान और दो जगह से बाइक चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता संजय काद्यान के अनुसार, ललपुरा गांव निवासी सुखबीर ने चांदहट थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि 5 अगस्त की रात उसके घर से सोने-चांदी के आभूषण व 12 हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई। कैलाश नगर निवासी वेदपाल ने कैंप थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि 6 अगस्त की सुबह वह घर से दूध लेने के लिए गया था। वापस आया तो मकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर से 15 हजार 800 रुपये की नकदी गायब थी।
पलवल निवासी संजय कपूर ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि गीता कालोनी में उसकी गारमेंट्स की दुकान है। दुकान पर राजीव कालोनी निवासी श्याम काम करता था। श्याम ने 4-5 अगस्त की रात दुकान से 33 हजार रुपये चोरी कर ले लिए। सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो श्याम रुपये चोरी करता साफ देखा गया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर आरोपी श्याम को गिरफ्तार कर लिया है। हथीन के वार्ड नंबर-2 निवासी गौरव की बाइक को शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बस स्टैंड के समीप से व कृष्णा कालोनी निवासी मनीषा की बाइक को कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत न्यू कालोनी से चोरी कर ले गए।
अवैध हथियार सहित दो युवक गिरफ्तार
हथीन। पुलिस ने अलग-अलग जगह से दो युवकों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार सहित बिघालवी गांव बस स्टैंड की तरफ आ रहा है। मौके से आरोपी युवक समीम उर्फ समा निवासी कुकरचाटी को चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। एवीटी स्टाफ की टीम ने रेस्ट हाउस चौक के समीप बुराका गांव निवासी मोहम्मद आशिक को काबू कर उसके कब्जे से बटनदार चाकू को बरामद किया है। संवाद