पलवल। किसान नेताओं ने शुक्रवार को बैठक का आयोजन कर सरकार से खराब फसलों की विशेष गिरदावरी करने की मांग की है। विश्राम गृह में आयोजित हुई किसान नेताओं की बैठक में निर्णय लिया गया कि किसान नेता आगामी आठ मार्च को लघु सचिवालय में बड़ा प्रदर्शन भी करेंगे। बैठक में मुख्य रूप से भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव रतन सिंह सौरोत, महेंद्र सिंह चौहान, राजेंद्र बैंसला आदि मौजूद रहे।
किसान नेता रतन सिंह सौरोत ने बताया कि बारिश से किसानों की फसलों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। जिले में हजारों एकड़ फसल बारिश से प्रभावित हुई है। किसान कंगाली के कगार पर पहुंच गया है। सेम की समस्या भी किसानों के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो रही है। किसानों को सहायता की तुरंत आवश्यकता है। मगर सरकार इन खराब फसलों की विशेष गिरदावरी नहीं करवा रही है। इसी को लेकर वह आठ मार्च को लघु सचिवालय में बड़ा प्रदर्शन करेंगे। वह पहले भी प्रशासन से गिरदावरी की मांग कर चुके हैं। मगर इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। किसान नेताओं ने बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का समर्थन करते हुए कहा कि पलवल बस अड्डे पर पंचकूला जाती हुई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बस को कब्जे में लेना निंदनीय है।